तंबाकू की लत से ऐसे पाएं छुटकारा

स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है तंबाकू की लत, ऐसे पाएं छुटकारा 




भारत में लोग बड़ी संख्या में तंबाकू का सेवन करते हैं। तंबाकू के सेवन से व्यक्ति को विभिन्न तरह की स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं। इसके कारण प्रतिवर्ष लाखों लोगों की मृत्यु हो जाती है। कैंसर रोग विशेषज्ञ की मानें ता भारत में लोग धूम्रपान तो करते ही हैं लेकिन इसके अलावा धुएं रहित तंबाकू का भी प्रयोग भी ज्यादा करते हैं, जिनमें खैनी, तंबाकू चबाना, नसवार इत्यादि सम्मिलित हैं। यह सभी सेहत के लिए बहुत हानिकारक हैं। पुरुषों में तंबाकू के सेवन से जहाँ उच्च रक्तचाप, मुंह का कैंसर फेफड़ों का कैंसर और मधुमेह जैसी बीमारियां होती हैं, वहीं इससे महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता है। 

हर साल तंबाकू के सेवन से विश्व भर में होती हैं छह लाख मौतें 

तंबाकू के सेवन से शरीर रोगग्रस्त हो जाता है। कैंसर, मधुमेह, उच्च रक्तचाप समेत कई बीमारियां घेर लेती हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार तंबाकू का सेवन करने वाले छह लाख लोगों की मृत्यु प्रतिवर्ष होती है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार भारत में तंबाकू उपयोगकर्ताओं की अनुमानित संख्या 27 करोड़ से भी अधिक है। भारत में 35 फीसदी वयस्क किसी न किसी रूप में तंबाकू का सेवन करते हैं। वहीं, धूम्रपान करने वाले के संपर्क में आए व्यक्ति भी जहरीले रसायनों को भीतर ग्रहण कर लेते हैं और इस तरह का धूम्रपान निष्क्रिय धूम्रपान कहलाता है। 

क्यों लगती है तंबाकू सेवन की लत 

 तंबाकू में निकोटिन नामक नशीला पदार्थ होता है और इसी कारण तंबाकू उत्पादों के नियमित उपयोग से कई लोगों को इसकी लत लग जाती है। तंबाकू में उपस्थित निकोटिन ही नशे की लत पैदा करता है। तंबाकू उत्पादों का प्रयोग करने पर इसमें उपस्थित निकोटिन आसानी से रक्त में अवशोषित हो जाता है। कम मात्रा में लेने पर निकोटीन सुखद भावनाओं का कारण बनता है और उपयोगकर्ता को अप्रिय भावनाओं से दूर करता है। यही कारण है कि लोग तंबाकू का अधिक उपयोग करना चाहते हैं। 

तंबाकू  की लत से ऐसे पाएं छुटकारा 

 सबसे पहले तंबाकू के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी जुटाएं। मजबूत इच्छाशक्ति रखें। जिन्होंने इस लत को छोड़ा है, उनके साथ रहें, उनसे बातें करें। अपने रुचि के कार्यों में खुद को व्यस्त रखें। नियमित व्यायाम करने एवं प्रकृति के बीच समय बिताने से तंबाकू की लत छोड़ने में सहायता मिलती है। चिकिसकों के अनुसार तंबाकू छोड़ने की प्रक्रिया के दौरान भोजन में फल व ताज़ी हरी सब्जियों की मात्रा बढ़ाने और पानी का अधिक सेवन करने की आवश्यकता होती है। 

तंबाकू का सेवन बंद करने के पर शरीर में होते हैं ये बदलाव 

तंबाकू का सेवन बंद करने से हृदयाघात (हार्ट अटैक) का खतरा कम हो जाता है। तंत्रिका तंत्र को विकसित करने में मदद करने मिलती है। तंबाकू छोड़ने के दो से तीन हफ्ते बाद फेफड़े सक्रिय हो जाते हैं और उनके काम करने की शक्ति में 30 प्रतिशत की वृद्धि होती है। इससे शरीर में रक्त संचरण ठीक होता है और व्यक्ति सामान्य से अधिक समय तक पैदल चल सकता है। कैंसर से ग्रसित होने का खतरा भी कम हो जाता है।

Comments