कैल्शियम है शरीर के लिए बेहद जरूरी

कैल्शियम है शरीर के लिए बेहद जरूरी, इन खाद्य पदार्थों से मिलेगा भरपूर कैल्शियम
NewsworldToday



शरीर की प्रत्येक कोशिका के लिए कैल्शियम का अत्यधिक महत्व है। यह शरीर को मिलने वाले सबसे महत्वपूर्ण खनिजों में से एक है। हमारे शरीर का लगभग 99% कैल्शियम हड्डियों और दांतों के द्वारा ग्रहण किया जाता है। कैल्शियम हड्डियों और दांतो की संरचना के लिए जिम्मेदार होता है। मस्तिष्क और हृदय की मांसपेशियों के सुचारू रूप से संचालन के लिए भी कैल्शियम की आवश्यकता है। उल्लेखनीय है कि 50 वर्ष से कम आयु वाले लोगों के लिए प्रतिदिन 1 ग्राम कैल्शियम की मात्रा जरूरी है। 50 से अधिक उम्र के लोगों को प्रतिदिन 1 ग्राम से थोड़ी अधिक मात्रा में कैल्शियम की खुराक लेनी चाहिए। 

कैल्शियम की कमी से हो सकते हैं ये रोग 

हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. चंद्रशेखर यादव बताते हैं कि शरीर में कैल्शियम की सही मात्रा की उपस्थिति किसी भी आयु वाले मनुष्यों के लिए जरूरी होती है। नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इन्फॉर्मेशन के एक रिसर्च के अनुसार , भारत में अधिकतर लोग जरूरी मात्रा से कम कैल्शियम का सेवन करते हैं। वयस्कों में कैल्शियम की कमी से मुख्यतः ऑस्टियोपोरोसिस रोग हो जाता है। ऑस्टियोपोरोसिस वह स्थिति है जिसमे हड्डी के टूटने की आशंका बढ़ जाती है। इसके कारण व्यक्ति को कूल्हे और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कैल्शियम की कमी से हृदय गति में भी दुष्प्रभाव पड़ता है और धड़कन की दर कम हो जाती है। 

बच्चों के विकास के लिए कैल्शियम जरूरी 

डॉ. यादव ने बताया कि बढ़ते बच्चों के लिए कैल्शियम सबसे जरूरी है। बाल्यावस्था में कैल्शियम की कमी बच्चों की वृद्धि में बाधक होती है। इसके कारण बच्चों के पैर टेढ़े हो जाते हैं।  गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं में कैल्शियम की कमी न होने पाए इसका ध्यान रखा जाना चाहिए। 

दूध पालक और ब्रोकली के सेवन से मिलेगा भरपूर कैल्शियम 

शरीर में कैल्शियम की पूर्ति के लिए हमें अपने आहार में कुछ ऐसे भोज्यपदार्थों को सम्मिलित करना चाहिए, जिनमें प्रचुर मात्रा में कैल्शियम तत्व उपस्थित हो। आज ऐसे ही कुछ तत्वों के विषय में हम बता रहे हैं। पालक, ब्रोकली और बीन्स में कैल्शियम अच्छी मात्रा में पाया जाता है। वहीं, दूध और उससे निर्मित पदार्थ जैसे दही, पनीर, छाछ, घी और मक्खन इत्यादि के सेवन से भी शरीर में कैल्शियम की पूर्ति होती है। 

कैल्शियम की कमी होने पर सामने आते हैं ये लक्षण 

चिकित्सकों के अनुसार कैल्शियम की कमी का सबसे सामान्य लक्षण शरीर के अलग-अलग हिस्सों और जोड़ों में दर्द है। कैल्शियम की कमी के कारण मांसपेशियों और जोड़ों में लगातार दर्द बना रहता है और शरीर में खूब थकान रहती है। महिलाओं को माहवारी के दौरान होने वाला दर्द भी शरीर में कैल्शियम की कमी की ओर इशारा करता है।  कैल्शियम से भरपूर आहारों को दैनिक भोजन में शामिल कर, नियमित व्यायाम का अभ्यास इत्यादि के द्वारा शरीर में कैल्शियम की कमी की पूर्ति की जा सकती है।

Comments