बर्ड फ्लू को लेकर कई राज्यों में अलर्ट, केंद्र सरकार की ओर से जारी की गई एडवाइजरी
देश में राजस्थान, मध्य प्रदेश व हिमाचल प्रदेश समेत कुछ अन्य राज्यों में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद झारखंड में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। सिर्फ इतना ही नहीं पशुपालन विभाग ने राज्य के सभी डीसी को इस संबंध में केंद्र सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी भी भेज दी है और तत्काल आवश्यक कदम उठाने को कहा है।
आम जनता में अनावश्यक भय और भ्रांति न फैले, इसके लिए भी निर्देश
विभाग से जारी निर्देश में कहा गया है कि किसी भी पक्षी की अस्वाभाविक मृत्यु होने पर तत्काल इसकी सूचना पशुधन सेवा विभाग और अन्य अधिकारियों को दी जाए। पक्षी के बिसरे को जांच के लिए लैब भेजे जाने के निर्देश भी दिए गए हैं। हालांकि पशुपालन विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अभी राज्य में बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है लेकिन फौरी कदम उठाते हुए अलर्ट जारी किया गया है। बर्ड फ्लू को लेकर आम जनता में अनावश्यक भय और भ्रांति न फैलने पाए, इसके लिए भी निर्देशित किया गया है।
बांग्लादेश से होते हुए भारत में प्रवेश करता है यह वायरस
रांची के बिरसा एग्रीकल्चर के डॉक्टर सुशील प्रसाद ने बताया कि अब तक झारखंड में बर्ड फ्लू का कोई मामला नहीं पाया गया है लेकिन पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से आने वाले पक्षी मुसीबत बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा, अगर किसी भी मुर्गी पालक के यहां 10 से अधिक मुर्गी मरती हैं तो शीघ्र वेटनरी के डॉक्टर से संपर्क करें और उसकी जांच कराएं। वायरस बांग्लादेश से होते हुए भारत में प्रवेश करता है। खासकर बंगाल जैसे राज्यों से मुर्गियों के आयात के कारण बर्ड फ्लू की आशंका बढ़ जाती है।
बीकानेर में फिर मृत मिले कौवे
गौरतलब है कि बीकानेर जिले के पांचू और लूणकरणसर में मृत मिलने के बाद सोमवार को श्रीडूंगरगढ़, नापासर और बाना गांव में मृत कौवे देखने को मिले हैं। जहां-जहां मृत कौवे मिले वहां के लोगों ने हाथों-हाथ वन विभाग के कंट्रोल रूम को सूचना दी है। जानकारी के अनुसार बीकानेर में अब तक पांच जगहों से 20 कौवे मृत मिले हैं, जिसके बाद वन विभाग बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट मोड पर है।
उपवन संरक्षक वीरेंद्र सिंह जोरा ने बताया कि जानकारी मिली है कि आज नापासर के शिव पाठशाला के पास सुबह मृत कौवे पड़े देखे गए जिसके बाद लोगों द्वारा कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। यहां तीन-चार कौवे मृत मिले। उन्होंने बताया कि वन विभाग ने भी लोगों से सावधान रहने की अपील की है और कहा कि जहां भी मृत पक्षी मिले वहां लोग उसे हाथ न लगाएं और दूरी बनाए रखें क्योंकि वायरस आदमी में प्रवेश करके नुकसान कर सकता है। लोगों से यह भी कहा गया है कि तत्काल वन विभाग के कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दें। उन्होंने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ के बाद बाना और नापासर गांव में भी मृत कौवे देखे जाने की सूचना मिली है।

Comments
Post a Comment